घर में मिट्टी का घड़ा रखने से चमकती है बुध-चंद्र की दशा, इन 3 राशियों के लिए वरदान साबित होता है शीतल जल

मिट्टी के घड़े का शीतल जल सेहत ही नहीं, कुंडली में बुध और चंद्रमा की स्थिति को भी मजबूत करता है। ज्योतिष के अनुसार मिथुन, कर्क और कन्या इन तीन राशियों के लिए घर में घड़ा रखना खास तौर पर शुभ माना जाता है।

मिट्टी का घड़ा केवल ठंडा पानी देने का साधन नहीं है, बल्कि इसे घर में रखने से कुछ ग्रहों की प्रतिकूलता भी कम होती है। ज्योतिष की मान्यता है कि घर में मिट्टी का घड़ा रखने पर बुध और चंद्रमा शुभ फल देने लगते हैं। इसका कारण यह है कि ज्योतिष में पानी का नाता चंद्रमा से जोड़ा गया है, जबकि प्रकृति यानी मिट्टी, पेड़-पौधे आदि का संबंध बुध से माना जाता है। इतना ही नहीं, हमारे पाचन तंत्र और मस्तिष्क का प्रतिनिधित्व भी बुध ग्रह ही करता है।

यही वजह है कि घड़े में पानी रखने से एक ओर चंद्रमा की स्थिति बेहतर होती है, तो दूसरी ओर इस जल को पीने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है, मानसिक मजबूती मिलती है और बुध प्रबल होता है। वैसे तो मिट्टी का घड़ा कोई भी व्यक्ति अपने घर में रख सकता है, लेकिन राशिचक्र की 3 राशियों के लिए यह किसी वरदान से कम साबित नहीं होता। इन राशियों के लोगों को घड़ा रखने से करियर से लेकर निजी जीवन तक शुभ परिणाम मिलने लगते हैं। आइए जानते हैं कि ये कौन-कौन सी राशियां हैं।

मिथुन राशि

बुध आपकी राशि के स्वामी हैं और चंद्रमा आपके द्वितीय भाव यानी धन भाव के स्वामी हैं। ऐसे में घर में मिट्टी का घड़ा रखने पर आपको मानसिक सुकून के साथ-साथ धन लाभ भी प्राप्त होता है। यह घड़ा मिथुन राशि वालों की बौद्धिक क्षमता को भी निखारता है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल होती हैं।

कर्क राशि

आपकी राशि के स्वामी चंद्रमा हैं, जबकि बुध ग्रह आपके पराक्रम और व्यय भाव के स्वामी हैं। ऐसे में आपके लिए भी मिट्टी का घड़ा किसी वरदान से कम नहीं है। घड़े को घर में रखने और उसका पानी पीने से आपके पराक्रम में बढ़ोतरी होती है, फिजूल के खर्चों पर लगाम लगती है और जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं। करियर में आ रही दिक्कतें भी घड़ा रखने से दूर हो सकती हैं और आप भावनात्मक रूप से संतुलित बने रहते हैं।

कन्या राशि

बुध आपकी राशि के भी स्वामी हैं और चंद्रमा आपके लाभ भाव के स्वामी हैं। ऐसे में घर में मिट्टी का घड़ा रखने से आपको जीवन के हर क्षेत्र में शुभ फल मिल सकते हैं। आपकी योजनाएं सफल होती हैं और करियर के क्षेत्र में आप नई ऊंचाइयां छू सकते हैं। साथ ही घड़े का शीतल जल आपके स्वास्थ्य में भी बेहतर बदलाव लाने वाला माना जाता है।

https://www.indiatv.in/religion/news-astrology-ghar-me-rakha-ghada-sudhar-deta-hai-budh-or-chandrma-ki-sthiti-3-rashiyon-ke-liye-vardan-ki-tara-2026-06-04-1222975